नई दिल्ली (पीटीआई): परमाणु समझौते पर अमेरिका के बयान को लेकर संसद के दोनों सदनों में विपक्ष और लैफ्ट पार्टियों ने जमकर हंगामा मचाया। लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने के कुछ देर बाद ही एनडीए और लेफ्ट के सदस्यों के हंगामे के कारण अध्यक्ष को सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी।
राज्यसभा में भी भारत और अमेरिका के बीच हुए समझौते के विरोध में एनडीए, लेफ्ट और समाजवादी पार्टी के सदस्यों ने हंगामा बरपा दिया। इस वजह से राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होने के महज 5 मिनट के भीतर ही स्थगित कर दी गई।
विपक्षी दल अमेरिका के ताजा बयान पर पीएम मनमोहन सिंह से स्पष्टीकरण की मांग पर अड़े थे। स्पीकर की तमाम अपीलों के बावजूद सदस्यों का हंगामा कम नहीं हुआ। इस पर कड़ी टिप्पणी करते हुए चटर्जी ने कहा कि सांसद देश के बाहर देश की क्या छवि रख रहे हैं। उन्होंने कहा कि सदस्यों के व्यवहार पर उन्हें शर्म आ रही है। गौरतलब है कि जर्मनी के कई सांसद आज भारतीय संसद की कार्यवाही देखने के लिए सदन में ही मौजूद थे लेकिन इस बात का शोरशराबा करने वाले सदस्यों पर कोई असर नहीं दिखा।
home





