मौका था उत्तराखण्ड में नैनीताल स्थित विख्यात शेरवुड कालेज के वार्षिकोत्सव का। अमिताभ बच्चन मंगलवार देर शाम कॉलेज में अपने प्रशंसकों सहित जब सहपाठियों से मिले तो वह भूल गये कि वह जेड प्लस सुरक्षा घेरे में हैं। वे सुरक्षा घेरे को तोड़ अपने सहपाठियों से गले मिले और उनका हाल चाल जाना।
शेरवुड कॉलेज परिसर में लगी अपनी तमाम पुरानी तस्वीरों को देख तो वे भावुक हो उठे। यहां बिताए गए दिनों में उन्होंने अपनी पढ़ाई, शरारत तथा कॉलेज के बोर्डिंग में लगाए चक्करों को याद किया। अमिताभ ने 1958 में शेरवुड कॉलेज से ही सीनियर कैंब्रिज की परीक्षा पास की थी। उन्होंने 50 वर्ष बाद अपने बचपन के स्कूल की तरफ मुड़कर देखा। इससे पूर्व बिग-बी का स्कूल के प्रिंसिपल अमनदीप संधू ने कॉलेज परिसर में काफी भाव-विभोर होकर स्वागत किया। बुधवार को अपरान्ह पंतनगर स्थित एयरपोर्ट पर बच्चन की बहू ऐश्वर्या तथा अभिषेक भी अपने चार्टर्ड प्लेन से उतरे तथा संक्षिप्त विश्राम के बाद सड़क मार्ग द्वारा नैनीताल पहुंचे। बच्चन परिवार यहां शेरवुड कालेज के वार्षिकोत्सव में भाग लेने आया हुआ था। मंगलवार को नैनीताल पहुंचे बच्चन के साथ उनकी पत्नी जया बच्चन, सपा महासचिव अमर सिंह भी थे।
home






